Showing posts with label Haryana News. Show all posts
Showing posts with label Haryana News. Show all posts

Tuesday, 18 November 2025

 'हिंद की चादर लाईट व साऊंड शो'  आज 18 नवम्बर 2025 को माडर्न स्कूल में

'हिंद की चादर लाईट व साऊंड शो' आज 18 नवम्बर 2025 को माडर्न स्कूल में


फरीदाबाद, 18 नवंबर (रैपको न्यूज)। हरियाणा सरकार व हरियाणा सिक्ख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा नौंवी पातशाही श्री गुरु तेग बहादर साहिब जी की 350वीं शहीदी शताब्दी को समर्पित हिंद की चादर लाईट व साऊंड शो 18 नवम्बर को माडर्न स्कूल सैक्टर 17 फरीदाबाद में आयोजित किया जा रहा है।

हरियाणा सिक्ख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के फरीदाबाद पलवल नूंह से सदस्य स. रविन्द्र सिंह राणा ने यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश भर में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और फरीदाबाद माडर्न स्कूल में आयोजित उक्त शो भी इसी प्रक्रिया का एक हिस्सा है।

आपने बताया कि तालगुरू प्रोडक्शंस द्वारा किए जा रहे हिंद की चादर लाईट व साऊंड शो में गुरु साहिब की शख्शियत, धर्म के लिए बलिदान व मानवता के लिए किए कार्यों का उल्लेख किया जाएगा।

जानकारी दी गई है कि शो सायं 7 बजे से आरंभ होगा।

स. रविन्द्र सिंह राणा ने समस्त संगत, सिक्ख जत्थेबंदियों व गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के सदस्यों से आह्वान किया है कि वे बढ़ चढ़ कर इस कार्यक्रम में शामिल हों और शहीदी को समर्पित आयोजन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Thursday, 13 November 2025

हिंद की चादर यात्रा 14 नवम्बर को, तैयारियां पूर्ण, ‌अलग अलग-अलग स्थानों पर गुरुद्वारा प्रबंधक समिति व संगत करेगी स्वागत, शैडयूल घोषित

हिंद की चादर यात्रा 14 नवम्बर को, तैयारियां पूर्ण, ‌अलग अलग-अलग स्थानों पर गुरुद्वारा प्रबंधक समिति व संगत करेगी स्वागत, शैडयूल घोषित

फरीदाबाद, 13 नवम्बर (रैपको न्यूज)।  नौवीं पातशाही गुरु तेग बहादुर साहिब जी, भाई सती दास, भाई मती दास और भाई दयाला के 350वें शहीदी दिवस पर आयोजित हिंद की चादर यात्रा 14 नवम्बर को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सैक्टर 15 फरीदाबाद से आरंभ होगी। 
हरियाणा सिख गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी और प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित की जा रही इस यात्रा में पांच प्यारों की अगुवाही में गुरूग्रंथ साहिब महाराज की सवारी तो होगी ही साथ ही गुरू साहिबान की शिक्षाओं व कुर्बानी को लेकर विशेष डिजीटल स्क्रीन यात्रा का मुख्य आकर्षण रहेगा। केन्द्रीय ऊर्जा व आवास मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर विशेष रूप से कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
हरियाणा सिक्ख गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के फरीदाबाद पलवल नूंह के सदस्य स० रविन्द्र सिंह राणा ने यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा फरीदाबाद के विभिन्न क्षेत्रों से निकलते हुए गुरूग्राम जाएगी जहां से 25 नवम्बर को कुरूक्षेत्र में यात्रा का समापन होगा।
स० रविन्द्र सिंह राणा ने बताया कि यात्रा प्रात: 9.00 बजे गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा सैक्टर 15 से आरंभ होगी व एपीजी स्कूल के सामने से होती हुई इंडियन ऑयल के सामने से सैक्टर 9 माकरीट के रास्ते गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सैक्टर 9 से गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सैक्टर 7 से निकलते हुए वाईएमसीए चौक से अजरौंदा चौक से नीलम फलाई ओवर के रास्ते नीलम चौक, बी के हस्पताल चौक से हार्डवेयर चौक की ओर जाएगी जहां से व्हर्लपूल चौक रास्ते से सारन चौक व बाबा दीप सिंह चौक से एफसीआई गोडाऊन रोड से मस्जिद चौक के  सैनिक कालोनी पंहुचेगी जहां से गेट नं 1 से सैनिक कालोनी मार्कीट से होती हुई गुरूग्राम के लिए रवाना होगी।
सरदार रविन्द्र सिंह राणा ने बताया कि 25 नवंबर 2025 को जिला कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लाखों की संख्या में संगत भाग लेगी। बताया गया है कि फरीदाबाद से प्रारंभ होने वाली यह तीसरी यात्रा है। यात्रा गुरुग्राम, रिवाड़ी, नारनौल, रोहतक, जींद, पानीपत, करनाल से गुजरकर कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। यात्रा के दौरान सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
आपने बताया कि रुट के अनुसार सैक्टर 9 गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा और सैक्टर 7 गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की संगत द्वारा यात्रा के स्वागत उपरांत नीलम चौक पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा एन एच 5, गुरुद्वारा शहीदान गुजरात ट्रेन, गुरुद्वारा दरबार साहिब, गुरुद्वारा तौची सभा, गुरुद्वारा इद्रखेल की प्रबंधन समिति व संगत द्वारा स्वागत किया जाएगा।
एन एच 1-2 चौक पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा एन एच 1, गुरुद्वारा गुरु ग्रंथ साहिब, गुरुद्वारा गुरु तेग बहादर साहिब, डेरा बाबा संत भगत सिंह, गुरुद्वारा पौथी माला साहिब, गुरुद्वारा नौरंग पंचायती की प्रबंधन समिति व संगत द्वारा स्वागत किया जाएगा।
सारन चौक पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पंजाबी कालोनी, बाबा दीप सिंह चौक पर गुरुद्वारा साहिब जनता कालोनी, एफसीआई गोडाऊन के निकट गुरुद्वारा वजीरिस्तान, गुरुद्वारा कलगीधर साहिब, गुरुद्वारा उतली तौची प्रबंधन समिति व संगत द्वारा स्वागत किया जाएगा।
सैनिक कालोनी में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा व शिव मन्दिर प्रबंधन समिति व संगत द्वारा स्वागत किया जाएगा।
सरदार रविन्द्र सिंह राणा ने निर्धारित रुट पर आने वाले सभी गुरुद्वारा की प्रबंधन कमेटियों के सदस्यों व संगत से अनुरोध किया है की यात्रा के स्वागत के लिए बढ़ चढ़ कर आगे आएं।

Tuesday, 11 November 2025

फरीदाबाद से 14 नवंबर को कुरुक्षेत्र के लिए आरम्भ होगी यात्रा, रुट तय

फरीदाबाद से 14 नवंबर को कुरुक्षेत्र के लिए आरम्भ होगी यात्रा, रुट तय


फरीदाबाद, 11 नवम्बर (रैपको न्यूज़)। नौवीं पातशाही गुरु तेग बहादुर साहिब जी, भाई सती दास, भाई मती दास और भाई दयाला जी के 350वें शहीदी दिवस पर आयोजित हिंद की चादर यात्रा 14 नवम्बर को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सैक्टर 15 फरीदाबाद से आरंभ होगी और फरीदाबाद के विभिन्न क्षेत्रों से निकलते हुए यह यात्रा गुरूग्राम पहुंचेगी जहां से 25 नवम्बर को कुरूक्षेत्र में समापन होगा।

हरियाणा सिख गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी और प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित की जा रही इस यात्रा में पांच प्यारों की अगुवाही में गुरूग्रंथ साहिब महाराज की सवारी तो होगी ही साथ ही गुरू साहिबान की शिक्षाओं व कुर्बानी को लेकर विशेष डिजीटल स्क्रीन यात्रा का मुख्य आकर्षण रहेगा।

हरियाणा सिक्ख गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के फरीदाबाद के सदस्य स० रविन्द्र सिंह राणा ने बताया कि गत दिवस जिला प्रशासन व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी स० प्रभलीन सिंह के साथ फरीदाबाद के गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटियों की बैठक उपरांत आज नगर कीर्तन के रूट को निर्धारित किया गया। 

सैक्टर 15 में आयोजित एक विशेष बैठक में नगर कीर्तन की व्यवस्था, रूट व प्रबंधन के लिये विशेष विचार विमर्श किया गया।

सैक्टर 15 गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा की प्रबंधन समिति की प्रधान सरदारनी राणा कौर भट्टी ने बताया कि तय रूट के अनुसार यात्रा प्रात: 9.00 बजे गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा सैक्टर 15 से आरंभ होगी व एपीजी स्कूल के सामने से होती हुई इंडियन ऑयल के सामने से सैक्टर 9 गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचेगी तदोपरांत सैक्टर 7 गुरुद्वारा साहिब से निकलते हुए वाईएमसीए से अजरौंदा नीलम फलाई ओवर के रास्ते बी के हस्पताल चौक से हार्डवेयर चौक की ओर जाएगी जहां से बाबा दीप सिंह चौक एफसीआई गोडाऊन के निकट से सैनिक कालोनी पंहुचेगी जहां से गुरूग्राम के लिए रवाना होगी।

सरदार रविन्द्र सिंह राणा व सरदारनी राणा कौर भट्टी ने बताया कि 25 नवंबर 2025 को जिला कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लाखों की संख्या में संगत भाग लेगी। बताया गया है कि फरीदाबाद से प्रारंभ होने वाली यह तीसरी यात्रा है। यात्रा गुरुग्राम, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल से गुजरकर कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। यात्रा के दौरान सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

सरदारनी राणा कौर भट्टी ने जानकारी दी कि यात्रा के लिए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सेक्टर 15 की संगत व प्रबंधन कमेटी द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आपने समस्त संगत से आहवान किया है कि यात्रा में बढ़चढ़ शामिल हों और गुरूघर की खुशिओं को प्राप्त करें।

सरदार रविन्द्र सिंह राणा ने निर्धारित रुट के आसपास आने वाले सभी गुरुद्वारा की प्रबंधन कमेटियों के सदस्यों व संगत से अनुरोध किया है की यात्रा के स्वागत के लिए बढ़ चढ़ कर आगे आएं।

Saturday, 8 November 2025

उद्योगों के लिये वित्त, भूमि और स्किल्ड लेबर संबंधी नीति समय की मांग : वधवा

उद्योगों के लिये वित्त, भूमि और स्किल्ड लेबर संबंधी नीति समय की मांग : वधवा


गुरूग्राम, 4 नवम्बर (रैपको न्यूज़)। गुडग़ांव चैम्बर आफॅ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के कार्यकारिणी सदस्य श्री तरूण वधवा हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में स्टार्टअप ईकाईयों को बढ़ावा देने व ईज आफ डुईंग बिजनेस को बेहतर बनाने की योजना का जहां स्वागत किया है वहीं आपने विश्वास व्यक्त किया है कि आने वाले समय में सरकार ऐसी योजनाओं को प्रभावी रूप देगी जिससे प्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

 श्री वधवा के अनुसार सरकार द्वारा ईज आफ डुईंग बिजनेस ईको सिस्टम तैयार करने की जो योजना बनाई गई है वह सराहनीय है और विश्वास व्यक्त किया जा सकता है कि इससे जहां नई ईकाईयों को तो प्रोत्साहन मिलेगा ही वहीं पहले से कार्यरत उद्योगों के लिये भी विकास के नये मार्ग प्रशस्त होंगे।

 उल्लेखनीय है प्रदेश सरकार ने उद्योगों को मजबूती प्रदान करने के लिये व युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने की योजना तैयार की थी।

 सरकारी सूत्रों के अनुसार मौजूदा समय में हरियाणा में 9500 से अधिक स्टार्टअप्स और 19 यूनिकार्न कंपनियां सक्रिय हैं। सरकार अपनी नई शिक्षा नीति के बल पर युवााओं के कौशल विकास पर ध्यान दे रही है ताकि प्रदेश में ईज आफ डुईंग बिजनेस इको सिस्टम को और बेहतर रूप प्रदान किया जा सके।

 श्री वधवा का मानना है कि उद्योगों के लिये भूमि, वित्त और स्किल लेबर ऐसी प्राथमिक आवश्यकताएं हैं जिनके बिना औद्योगिक विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। आपने स्पष्ट करते कहा है कि सरकार द्वारा औद्योगिक विकास के लिये जो कदम उठाए जा रहे हैं वह निश्चित रूप से सराहनीय हैं परंतु इसके साथ ही वित्तीय संस्थानों तथा औद्योगिक विकास से जुड़े विभागों को खुलकर सामने आना होगा और ऐसी योजनाओं पर ध्यान देना होगा जिससे उद्योगों के विस्तार की संभावनाएं बढ़ें। 

श्री वधवा ने विश्वास व्यक्त किया है कि हरियाणा सरकार इस संबंध में अपनी योजनाओं को क्रियान्वित करते हुए उक्त सुझावों पर ध्यान देगी और इसके साकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

 युवा वर्ग को देश, समाज व मानवहित के यज्ञ में आहूति के लिए एकजुट करना होगा : मुन्जाल

युवा वर्ग को देश, समाज व मानवहित के यज्ञ में आहूति के लिए एकजुट करना होगा : मुन्जाल

दिल्ली, 6 नवम्बर (रैपको न्यूज)। सुप्रसिद्ध उद्योग प्रबन्धक एवं आर्य समाज के विशिष्ट सदस्य श्री योगेश मुंजाल ने कहा है कि आर्य समाज द्वारा दिखाई गई राह का देश के स्वतंत्रता आन्दोलन व औपनिवेशिक शासन के दौरान देशवासियों में चेतना के पुन:संचालन में अनुकरणीय योगदान रहा है, जिसे वर्तमान परिवेश में भी न केवल जारी रखना होगा बल्कि युवा शक्ति को प्रेरित करना होगा ताकि साशक्त व समृद्ध भारत का सपना पूरा हो सके। 

श्री मुंजाल ने नई दिल्ली में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन में युवाओं की सक्रीय भागीदारी पर साकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आज युवा शक्ति को देश, समाज व मानव हित के यज्ञ में आहूति के लिए आगे एकजुट करना होगा और ऐसा आयोजन निश्चित रूप से इस दिशा में रचनात्मक सिद्ध होंगे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की उपस्थिति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्री मुन्जाल ने कहा है कि उनकी उपस्थिति निश्चित रूप से आर्य समाज को समर्पित लोगों में नई स्फूर्ति, विश्वास व संकल्प को बढ़ावा देगी।

Saturday, 1 November 2025

एमएसएमई सैक्टर के लिये लघु औद्योगिक पार्क स्थापित होंंगे

एमएसएमई सैक्टर के लिये लघु औद्योगिक पार्क स्थापित होंंगे


चंडीगढ़, 31 अक्तूबर (रैपको न्यूज)। हरियाणा सरकार द्वारा एमएसएमई उन्नति के लिए त्वरित विकास कार्यक्रम (पद्मा योजना) के तहत प्रदेश के 143 प्रखंडों में लघु औद्योगिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। प्रत्येक पार्क में कम से कम 10 ‘प्लग एंड प्ले’ शेड होंगे जिनमें साझा सुविधाएं और आधुनिक ढांचा उपलब्ध होगा।अब तक 16 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 7 परियोजनाओं को अंतिम मंजूरी और 3 को प्रारंभिक स्वीकृति दी जा चुकी है। 

छोटे शहरों में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार नई व्यापक नीति भी तैयार कर रही है, जिससे द्वितीय और तृतीय श्रेणी के शहरों में निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।मुख्य सचिव ने इसे हरियाणा की ग्रामीण औद्योगिक क्रांति बताते हुए कहा कि इससे छोटे कस्बों और गांवों में रोजगार और उद्यमिता दोनों को मजबूती मिलेगी।

बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त-सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने 14 अधिनियमों के अंतर्गत 1,113 अनुपालन समाप्त किए हैं और 37 छोटे प्रावधानों को अपराध मुक्त किया गया है। इससे उद्योग जगत को राहत मिली है और कारोबारी वातावरण और अधिक पारदर्शी हुआ है।इसके अलावा 842 व्यवसाय-संबंधी और 271 नागरिक-संबंधी नियमों को भी सरल किया गया है। लक्ष्य है कि दिसंबर 2025 तक कुल 1,500 नियमों में कटौती की जाए। इसके लिए 27 अगस्त 2025 को ‘नियमन समाप्ति समिति’ गठित की गई थी, जो प्रशासनिक सुधारों में अंतरराष्ट्रीय मानकों को अपनाने पर कार्य कर रही है।

Thursday, 30 October 2025

हरियाणा में उद्योग व रोजगार के लिये विशेष योजना, गिफट सेल सैंटर देगा विशेष सहायता

हरियाणा में उद्योग व रोजगार के लिये विशेष योजना, गिफट सेल सैंटर देगा विशेष सहायता

चंडीगढ़, 30 अक्तूबर (रैपको न्यूज)। हरियाणा सरकार अब उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। इसी दिशा में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में उद्योग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) और अवसंरचना विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य छोटे और मध्यम उद्यमों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना और निवेशकों के लिए हरियाणा को सबसे आकर्षक गंतव्य बनाना है।

हरियाणा सरकार ने ग्लोबल इंटरफ़ेस फॉर ट्रेड फैसिलिटेशन (वैश्विक व्यापार सुगमता केंद्र) (गिफ्ट सेल) के नाम से पंचकूला में एक समर्पित केंद्र की स्थापना की है, जिस पर 13 करोड़ 59 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है। यह केंद्र रैम्प योजना (आरएएमपी) के अंतर्गत बनाया गया है और इसमें 8 विशेषज्ञ अधिकारी नियुक्त किए गए हैं जो राज्य के छोटे और मध्यम उद्यमों को निर्यात, गुणवत्ता प्रमाणन और वैश्विक बाजार में विस्तार की दिशा में सहायता प्रदान कर रहे हैं। इन विशेषज्ञों की टीमें अंबाला, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी कार्यरत हैं, जो स्थानीय उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों में भाग लेने और विदेशी खरीदारों से संपर्क स्थापित करने में मदद कर रही हैं। यह पहल हरियाणा के छोटे उद्योगों को सीमाओं से बाहर ले जाकर वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित हो रही है। हरियाणा की क्लस्टर ‘प्लग एंड प्ले’ योजना ने राज्य के औद्योगिक विकास में नई ऊर्जा भर दी है। 

इस योजना के तहत उद्यमियों को तैयार कारखाना शेड, बिजली, पानी, सडक़ और सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उद्योग शुरू करने की प्रक्रिया बेहद आसान हो गई है।अब तक 64 परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है, जिन पर 318 करोड़ 49 लाख रुपये का अनुदान स्वीकृत किया गया है। योजना को 31 दिसंबर 2025 तक बढ़ा दिया गया है। इसके तहत राज्य सरकार परियोजना लागत का 50 प्रतिशत (अधिकतम 5 करोड़ रुपये) तक का सहयोग देती है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने कहा कि यह मॉडल उद्योगों के लिए तत्काल प्रस्थान मंच की तरह काम कर रहा है, जिससे छोटे और मध्यम उद्योगों को गति मिली है और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

फरीदाबाद में अब डिजीटल रजिस्ट्री, पोर्टल और वीडियो रिकार्डिग से पूरी होगी प्रक्रिया

फरीदाबाद में अब डिजीटल रजिस्ट्री, पोर्टल और वीडियो रिकार्डिग से पूरी होगी प्रक्रिया


चंडीगढ़, 29 अक्तूबर (रैपको न्यूज)। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में भूमि और संपत्ति रजिस्ट्री की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाकर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। अब 1 नवंबर 2025 से राज्य में जमीन या संपत्ति की डीड यानी कानूनी दस्तावेज का पंजीकरण ऑनलाइन होगा। इसका उद्देश्य पुराने जटिल, समय लेने वाले और कागजी कार्यों से भरे सिस्टम को खत्म कर पारदर्शी, आसान व पेपरलेस प्रक्रिया लागू करना है। राजस्व और आपदा प्रबंधन की वित्तीय आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि यह बदलाव हरियाणा दिवस के अवसर पर लागू किया जाएगा, जिससे हरियाणा देश का पहला राज्य बनेगा जो संपत्ति पंजीकरण में सौ प्रतिशत कागज रहित प्रणाली अपनाएगा। इससे नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर लगाने की झंझट से मुक्ति मिलेगी और पूरी प्रक्रिया घर बैठे ऑनलाइन पूरी होगी।

नए नियम के तहत अब हरियाणा में भूमि की रजिस्ट्री और डीड पंजीकरण पूर्णत: ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। इस व्यवस्था में खरीदार और विक्रेता दोनों की पहचान सुरक्षित ओटीपी और आधार आधारित प्रमाणीकरण से की जाएगी। साथ ही सभी जरूरी दस्तावेज़ ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे और स्टांप ड्यूटी व रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान भी डिजिटल माध्यम से ही होगा। नकद लेन-देन का विकल्प अब पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।

ऑनलाइन डीड पंजीकरण के लिए राज्य सरकार ने एकीकृत पोर्टल eregistration.revenueharyana.gov.in तैयार किया है। नागरिक इस वेबसाइट पर जाकर लॉगिन कर सकते हैं और पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

पोर्टल पर लॉगिन कर ओटीपी या आधार प्रमाणीकरण से अपनी पहचान सत्यापित करें।

बिक्री विलेख (सेल डीड) का फॉर्म ऑनलाइन भरें और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें। स्टांप शुल्क और रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान नेट बैंकिंग या कार्ड से करें। तय समय पर उप-पंजीयक के साथ ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लें। प्रक्रिया के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी ताकि ट्रांजैक्शन का पूरा प्रमाण रहे।

हरियाणा सरकार ने इस डिजिटल प्रणाली को तीन चरणों में लागू करने का निर्णय लिया है। पहला चरण 29 सितंबर 2025 को कुरुक्षेत्र जिले की बबैन उप-तहसील से शुरू हुआ था। दूसरा चरण 28 अक्टूबर से दस जिलों - अंबाला, यमुनानगर, करनाल, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, फतेहाबाद, पलवल, जींद और झज्जर में लागू किया जा रहा है। तीसरे और अंतिम चरण में 1 नवंबर से भिवानी, गुरुग्राम, हिसार, पंचकूला, सोनीपत, सिरसा, पानीपत, कैथल, रोहतक, नूंह और चरखी दादरी सहित शेष जिलों में यह व्यवस्था अनिवार्य हो जाएगी।

Wednesday, 29 October 2025

जल संरक्षण के लिये हरियाणा को वाटर स्मार्ट स्टेट बनाने की योजना, ड्राफट तैयार

जल संरक्षण के लिये हरियाणा को वाटर स्मार्ट स्टेट बनाने की योजना, ड्राफट तैयार

चंडीगढ़, 28 अक्तूबर (रैपको न्यूज)। हरियाणा में पानी की समस्या से निपटने के लिये सरकार द्वारा विशेष कार्यनीति तैयार की गई है। इस नीति के तहत प्रदेश को वाटर स्मार्ट स्टेट बनाने के लिये योजना तैयार की गई है और इस संबंध में ठोस कदम उठाए गए हैं। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने बताया कि सरकार जल संरक्षण को बढ़ावा देने, पीने के पानी की बर्बादी रोकने और लीकेज की समस्या समाप्त करने के लिए नया कानून लाने पर कार्य कर रही है।

 उल्लेखनीय है प्रदेश के कई जिलों में पानी की समस्या पिछले काफी समय से गंभीर रूप धारण कर रही है। एक आंकलन के अनुसार प्रदेश के इन जिलों में भूजल स्तर तेजी से गिरा है। हरियाणा के गुरूग्राम, फरीदाबाद, बहादुरगढ़, सोनीपत, पानीपत, करनाल और अंबाला में पिछले कुछ समय में जनसंख्या का दबाव बढ़ा है जिसका प्रभाव प्रत्यक्ष रूप से इंफ्रास्ट्रक्चर पर पडऩा स्वाभाविक है।

 सूत्रों के अनुसार सरकार प्रदेश में जलसमस्या को लेकर काफी गंभीर है और इसी के लिये उक्त योजना को क्रियान्वित किया जा रहा है ताकि आने वाले समय में जल संबंधी समस्या आगे न बढ़ सके और मौजूदा समस्या का भी निपटारा हो सके।

 लोक निर्माण मंत्री श्री गंगवा ने वाटर स्मार्ट स्टेट संबंधी प्रोजैक्ट पर जानकारी देते बताया कि अधिनियम का ड्राफ्ट तैयार हो चुका है, जिसे जल्द विधानसभा में पेश किया जाएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों तक स्वच्छ, पर्याप्त और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करना है।

श्री गंगवा ने जानकारी दी कि महाग्राम योजना के तहत 10,000 से अधिक आबादी वाले 148 गांवों को शहरी सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है, अब तक 17 गांवों में कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 30 गांवों में तेजी से कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा को वॉटर स्मार्ट स्टेट बनाना सरकार का संकल्प है, जिससे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के हर घर नल से जल के विजन को साकार किया जा सके।

इधर शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े सूत्रों का मानना है कि सरकार का जल संरक्षण संबंधी प्रोजैक्ट निश्चित रूप से सही दिशा में सही कदम है परंतु इस संबंध में आवश्यकता इस बात की है कि जो योजना तैयार की गई है उसे एक निर्धारित समय में क्रियान्वित किया जाना चाहिए।

Friday, 24 October 2025

रोटरी क्लब पलवल संस्कार ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय में मनाया दीपावली पर्व

रोटरी क्लब पलवल संस्कार ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय में मनाया दीपावली पर्व


फरीदाबाद, 23 अक्तूबर (रैपको न्यूज़। रोटरी  क्लब पलवल संस्कार ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हथीन बुरका में छात्राओं के साथ दिवाली बड़ी धूमधाम से मनाई। क्लब द्वारा छात्रों को मिठाई, समोसा, फ्रूटी वितरित की गई और उनके साथ आतिशबाजी की।

रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3011 की डिस्ट्रिक्ट चेयर एडमिन व रोटरी क्लब पलवल संस्कार की चार्टर प्रधान डॉ अंजलि जैन ने स्कूल की छात्रों को संबोधित करते हुए कहा दिवाली हमारा हिंदू का पवित्र त्यौहार है हमें यह त्यौहार बड़ी धूमधाम से मनाना चाहिए और यह भी कहा कि इस स्कूल के लिए हमारा रोटरी क्लब पलवल संस्कार व डिस्ट्रिक्ट 3011 जरूरत पडऩे पर किसी भी तरह की मदद करने को  

सदैव तत्पर रहेगा।  इस कार्यक्रम के आयोजन में श्रीमती प्रतिभा सिंगल का भी विशेष योगदान रहा। प्रधान मोहित गोयल ने कहा पलवल संस्कार स्कूल के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी करता रहेगा।  इस प्रोग्राम में स्कूल की छात्रों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रहलाद सिंह जी ने अतिथियों का स्वागत किया और सभी अध्यापकों ने आगंतुक टीम का धन्यवाद किया।

इस अवसर पर क्लब के संस्थापक सचिन जैन, सचिव रोहित गुप्ता कोषाध्यक्ष रचित सिंगल, ममता गुप्ता, सृष्टि सिंगला,रीना अग्रवाल, अनीता भारद्वाज, ओम प्रकाश, श्री चंद, वीना रावत, कविता रानी, मुग्धा रानी, अनीता मलिक, हेमा विशेष रूप से मौजूद रहे।

पलवल के आगरा चौक का एक करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से होगा सौंदर्यीकरण

पलवल के आगरा चौक का एक करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से होगा सौंदर्यीकरण

चंडीगढ़, 24 अक्टूबर। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने मंगलवार को पलवल शहर के आगरा चौक पर एक करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से किए जाने वाले सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास किया।

इस मौके पर मंत्री ने कहा कि इस राशि से आगरा चौक पर विभिन्न प्रकार के सौंदर्यीकरण कार्य करवाए जाएंगे। आने वाले समय में पलवल लोगों के लिए मिसाल बनेगा।

उन्होंने कहा कि पलवल को भव्य और दिव्य के साथ-साथ साफ और सुंदर बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

खेल मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार व जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य पलवल को साफ और स्वच्छ बनाकर देशभर में नंबर वन बनाना है, इसके लिए सरकार व जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।  उन्होंने कहा कि पलवल के सुंदरीकरण के तहत शहर की सफाई, रोशनी और कलाकृति के माध्यम से सुंदरता बढ़ाई जा रही है। नगर परिषद की ओर से मुख्य बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों को तिरंगा और रंगीन एलईडी लाइटों से सजाया जा रहा है। इसके अलावा, बड़े शहरों की तर्ज पर फ्लाईओवर और दीवारों पर म्यूरल आर्ट और भव्य द्वार बनाए जा रहे हैं। शहर को स्वच्छ और रोशन बनाने के लिए नियमित सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शहर के मुख्य द्वारों पर भव्य द्वार बनाने की योजना है। शहर में हमारा पलवल नाम से आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं। सडक़ों की मरम्मत और नवीनीकरण के साथ-साथ रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण और ट्रांसपोर्ट नगर में बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्य भी चल रहे हैं। उन्होंने स्वच्छता को लेकर नगर परिषद के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर नगर परिषद के अध्यक्ष डॉ. यशपाल, डीएमसी मनीषा शर्मा व गणमान्य जन मौजूद रहे।

Wednesday, 22 October 2025

श्री पटना साहिब के लिए जाने वाली यात्रा 23 अक्तूबर को फरीदाबाद पंहुचेगी, स्वागत गुरुद्वारा सैक्टर 15 में, रात्रि पड़ाव गुरुद्वारा दरबार साहिब में

श्री पटना साहिब के लिए जाने वाली यात्रा 23 अक्तूबर को फरीदाबाद पंहुचेगी, स्वागत गुरुद्वारा सैक्टर 15 में, रात्रि पड़ाव गुरुद्वारा दरबार साहिब में

फरीदाबाद, 22 अक्टूबर (रैपको न्यूज)। गुरुद्वारा मोती बाग दिल्ली से कल 23 अक्टूबर को तख्त श्री पटना साहिब के लिए आरम्भ होने वाली यात्रा कल वृहस्पतिवार 23 अक्तूबर को फरीदाबाद पंहुचेगी। 

फरीदाबाद में यात्रा के स्वागत की काफी तैयारियां की गई है। 

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सेक्टर 15 प्रबंधन कमेटी की प्रधान सरदारनी राणा कौर भट्टी व महासचिव स. गुरिंदर सिंह आहूजा ने बताया कि शाम लगभग 4:00 बजे यात्रा गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा सेक्टर 15 फरीदाबाद पहुंचेगी। यात्रा के स्वागत के लिए जहां संगत द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है, वहीं गुरुद्वारा साहिब में विशेष कीर्तन का आयोजन भी किया जा रहा है।

 सरदारनी राणा कौर भट्टी ने बताया कि इस यात्रा में गुरु गोबिंद सिंघ जी महाराज के एवं खालसा माता - माता साहिब कौर जी के पवित्र चरणों के जोड़े भी आएंगे और संगत को जोड़ों के दर्शन भी करवाए जाएंगे।


यात्रा शाम को गुरुद्वारा साहिब गुजरात ट्रेन के सामने से होते हुए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा एन एच 5 के रास्ते से मार्केट नं 5 से निकलेगी। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा एन एच 5 के प्रधान स. हरविन्दर सिंह माटा ने बताया कि संगत में यात्रा को लेकर उत्साह है।

तदोपरांत यात्रा गुरुद्वारा श्री गुरु दरबार साहिब सेंट्रल ग्रीन नंबर 5 पहुंचेगी जहां रात का पड़ाव होगा।

गुरुद्वारा श्री गुरु दरबार साहिब प्रबंध समिति के प्रधान स. इन्द्रजीत सिंह राजा व महासचिव स. गुरप्रीत सिंह गोल्डी ने बताया कि शुक्रवार दिनांक 24 अक्टूबर को यात्रा अपने अगले गन्तव्य स्थान के लिए आरम्भ होगी। आपने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी इस मौके पर विशेष तौर पर उपस्थित रहेंगे। स. इन्द्रजीत सिंह राजा ने बताया कि रात्रि विशेष कीर्तन दरबार व तदोपरांत गुरु का लंगर अटूट बरतेगा।

हरियाणा सिक्ख गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य स. रविन्द्र सिंह राणा ने बताया कि यात्रा दोपहर 2 बजे बदरपुर से फरीदाबाद में प्रवेश करेगी। आपने संगत से आह्वान किया है कि यात्रा में बढ़ चढ़ कर शामिल हों।

फरीदाबाद पुलिस ने 24 अक्टूबर को यात्रा को लेकर एडवाइजरी भी जारी की गई है।


Friday, 17 October 2025

राजस्व रिकार्ड व जानकारी के लिये भूमित्र व्हाअ्सअप चैटबॉट लांच, नम्बर जारी

राजस्व रिकार्ड व जानकारी के लिये भूमित्र व्हाअ्सअप चैटबॉट लांच, नम्बर जारी

चंडीगढ़ 16 अक्तूबर (रैपको न्यूज)।  हरियाणा में राजस्व विभाग की सेवाओं को बेहतर बनाने व कार्यालयों में चक्कर काटने की बजाए फोन से  ही सुविधाएं प्राप्त करने के लिये अब प्रदेश सरकार ने भू-मित्र व्हाट्सएप चैटबॉट को  लॉन्च  किया है। यह डिजिटल-सहायक नागरिकों के सरकार के साथ संवाद करने के तरीके को मौलिक रूप से बदल रहा है, जिससे किसी भी मोबाइल फ़ोन से प्रमुख सेवाएँ तुरंत उपलब्ध हो रही हैं।

हरियाणा के राजस्व विभाग की वित्त आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने भू-मित्र को सरल, पारदर्शी और सुलभ शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह चैटबॉट सरकारी सेवाओं को उनकी फि़ंगरटिप्स पर लाकर लोगों को सशक्त बनाता है। व्हाट्सएप पर बस कुछ ही टैप से, कोई भी कभी भी, कहीं भी जानकारी प्राप्त कर सकता है, शिकायत दर्ज कर सकता है या आवेदन की स्थिति देख सकता है।

डॉ मिश्रा ने बताया कि भू-मित्र चैटबॉट पाँच प्राथमिक सेवाएँ प्रदान करता है , इनमें राजस्व सेवाएँ, सीमांकन सेवाएँ, शिकायत दर्ज करें, शिकायत की स्थिति जानें, और जन सूचना तक पहुँच शामिल हैं। यह प्रणाली हिंदी और अंग्रेजी दोनों में काम करती है, जिससे सभी नागरिकों के लिए उपयोगकर्ता-अनुकूलता सुनिश्चित होती है। भू-मित्र चैटबॉट का नंबर 9593300009 है।

आपने बताया कि यह प्रणाली लोगों को शीघ्रता से और सीधे सेवाएँ प्रदान करने के लिए डिज़ाइन की गई है, जिससे बिचौलियों की आवश्यकता प्रभावी रूप से समाप्त हो जाती है। चैटबॉट की एक प्रमुख विशेषता इसका स्वचालित संचार है। सभी अपडेट और प्रतिक्रियाएँ व्हाट्सएप और एसएमएस के माध्यम से सीधे नागरिकों के साथ साझा की जाती हैं, जिससे बार-बार कार्यालय जाने या फ़ॉलो-अप कॉल करने की आवश्यकता समाप्त हो जाती है। यह समयबद्ध, कागज़ रहित और पारदर्शी सेवा वितरण की गारंटी देता है जो राज्य के डिजिटल-हरियाणा के दृष्टिकोण का प्रमाण है।

वित्त आयुक्त ने भू-मित्र को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि चैटबॉट सरकारी सेवाओं को उनकी फिंगर टिप्स पर लाकर लोगों को सशक्त बनाता है। इससे कोई कभी भी जानकारी प्राप्त कर सकता है। आवेदन की स्थिति को भी देख सकेंगे। किसी कार्य को कराने में अड़चन आ रही हैं तो शिकायतें भी दर्ज करा सकते हैं।

 भू-मित्र चैटबॉट के माध्यम से पांच प्रमुख सेवाएं आमजन पा सकते हैं। इनमें राजस्व सेवाएं, सीमांकन सेवाएं शामिल हैं। शिकायतें भी दर्ज करा सकते हैं और शिकायतों की स्थिति क्या है यह भी पता कर सकेंगे। जन सूचना तक पहुंच शामिल है।

विश्वास व्यक्त किया गया है कि भू मित्र चैटबॉट राजस्व से संबंधित सभी जानकारी देने में समर्थ सिद्ध होगा और इससे संबंधित वर्ग लाभान्वित होंगे।

Wednesday, 15 October 2025

गुरूग्राम, झज्जर व हिसार के बाद अब एचसीजी ग्रुप को रोहतक में गैस सप्लाई करने की अनुमति

गुरूग्राम, झज्जर व हिसार के बाद अब एचसीजी ग्रुप को रोहतक में गैस सप्लाई करने की अनुमति


गुरूग्राम, 14 अक्तूबर (रैपको न्यूज़)। हरियाणा सरकार ने प्राकृतिक गैस वितरण के क्षेत्र में प्रभावी भूमिका निभा रहे एचसीजी (हरियाणा सिटी गैस) ग्रुप को रोहतक जिले में भी गैस सप्लाई करने की मंजूरी प्रदान की है। 

कंपनी वर्तमान में गुरूग्राम में 10 लाख एससीएमडी के आंकड़े को पार कर चुकी है जबकि गुणवत्तायुक्त गैस सप्लाई के क्षेत्र में एक विश्वस्त नाम के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है।

एचसीजी ग्रुप के चेयरमैन व प्रमुख उद्योग प्रबंधक कपिल चौपड़ा ने रोहतक में गैस सप्लाई के लिये मिली स्वीकृति पर जहां ग्रुप के सभी वैंडर्स व एंप्लाईज को बधाई दी है, वहीं विश्वास व्यक्त किया है कि गुरूग्राम, झज्जर और हिसार की तर्ज पर रोहतक में प्राकृतिक गैस सप्लाई के क्षेत्र में ग्रुप अपनी विश्वसनीयता को और बेहतर रूप से सिद्ध करेगा। 


उल्लेखनीय है पैट्रोलियम व नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड द्वारा एचसीजी गु्रप को, गुरूग्राम, झज्जर, हिसार, छत्तीसगढ़ में रायपुर, बलौदा, गरियाबंद जिला, महाराष्ट्र में नागपुर, पुड्डुचेरी में यानम और मेघालय में प्राकृतिक गैस आपूर्ति, पाईप लाईन बिछाने व शहरी क्षेत्र में प्राकृतिक गैस वितरण नेटवर्क बिछाने के लिये अधिकृत किया हुआ है। अब रोहतक में गैस सप्लाई की मंजूरी उपरांत जहां कंपनी की साख और बढ़ेगी वहीं इससे निश्चित रूप से उपभोक्तओं की नई श्रेणी कंपनी के साथ जुड़ेगी जिससे उसकी वर्थ में और बढ़ौतरी होना स्वाभाविक है।

श्री चौपड़ा ने बताया कि वर्तमान में कंपनी 50 हजार से अधिक घरों में प्राकृतिक गैस की सेवा प्रदान कर रही है। कंपनी के 150 सीएनजी स्टेशन हैं जिनमें गुरूग्राम में 52, झज्जर में 37, नागपुर में 26, हिसार में 30, रायपुर में 4 और रोहतक में 1 स्टेशन है। घरेलू व आटोमोटिव सैक्टर के  साथ कंपनी कमर्शियल व इंडस्ट्रीयल सैक्टर में नेचुरल गैस सप्लाई कर रही है।

श्री चौपड़ा ने जानकारी दी कि समूह ने नई उपलब्धियों के साथ कुल 14 लाख एससीएमडी का आंकड़ा पार कर लिया है और सीजीडी के क्षेत्र में यह सबसे तेजी से बढ़ती हुई निजी संस्था है। 

श्री चौपड़ा ने बताया कि अपने विस्तार के अगले चरण में कंपनी नागपुर व रायपुर में कदम रखेगी। यहां यह तथ्य उल्लेखनीय है कि समूह पूर्ण रूप से ऋणमुक्त युनिट है जो निरंतर विकास की ओर तत्पर है।

श्री चौपड़ा ने विश्वास व्यक्त किया है कि आने वाले समय में समूह अपने प्रोफैशनल व अनुभवी स्टाफ व उपभोक्ताओं के विश्वास के साथ नये आयाम स्थापित करने में सफल सिद्ध होगा।

Saturday, 11 October 2025

हरियाणा में 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप के वायदे को सरकार करेगी पूरा -मुख्यमंत्री

हरियाणा में 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप के वायदे को सरकार करेगी पूरा -मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 11 अक्तूबर (रैपको न्यूज)। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तीन दिवसीय जापान दौरा राज्य के औद्योगिक, कृषि और तकनीकी विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम साबित हुआ है। इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दौरान लगभग 5000 करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं बनी हैं, जिससे हरियाणा के विकास का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।

यह विशेष है कि मुख्यमंत्री ने अपने पहले विदेशी दौरे के रूप में जापान को चुना। यह वही देश है जिसने 1980 के दशक में गुरुग्राम में मारुति उद्योग से भारत में निवेश की शुरुआत की थी। जापान की कंपनियों के लिए हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टमेंट डेस्टीनेशन रहा है, जहां अनुकूल औद्योगिक नीतियों, मजबूत बुनियादी ढांचे और निवेशक-हितैषी वातावरण ने विदेशी निवेशकों का विश्वास बढ़ाया है। पिछले लगभग 11 सालो में यह विश्वास और मजबूत हुआ है।

इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रति?निधिमंडल ने जापान की अग्रणी कंपनियों और औद्योगिक समूहों से मुलाकात की। इनमें एआईएसआईएन, एयर वाटर, टीएएसआई, नम्बूब, डेंसो, सोजित्ज़, निसिन, कावाकिन, डाइकिन और टोप्पन सहित प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। इन बैठकों के परिणामस्वरूप लगभग 4400 करोड़ रुपये से अधिक के 10 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए, जिससे हरियाणा में हजारों युवाओं  के लिए रोजगार सृजन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने पहले बजट अभिभाषण (2025-26) में घोषित किए गए 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप के वायदे को साकार करने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। उनका विजन है कि 10 में से एक आईएमटी केवल जापान की कंपनियों के सहयोग से विकसित किया जाए जिसके लिए उन्होंने निवेशकों को हरियाणा में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया, ताकि जापान और हरियाणा की नई पीढिय़ों की विकास में भागीदारी बढ़े।

किसान होने के नाते मुख्यमंत्री चाहते हैं कि उद्योग के साथ साथ जापान कृषि प्रधान हरियाणा के किसानों के लिए भी अपनी तकनीक उपलब्ध करवाए। अपने जापानी दौरे के दौरान ओसाका स्थित कुबोटा ट्रैक्टर प्लांट का उन्होंने दौरा किया। कुबोटा ने  हरियाणा में 2 हजार करोड़ से अधिक निवेश की पेशकश की। अब वह दिन दूर नहीं जब जापान का कुबोटा ट्रैक्टर हरियाणा के किसानों के खेत खलियान में अपना दम दिखाएगा। मुख्यमंत्री का मानना है कि हरियाणा के मेहनती किसान के श्रम और जापान का तकनीकी संगम कृषि में नई ऊंचाइयां तय करेगा।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का यह दौरा केवल एक निवेश यात्रा नहीं, बल्कि हरियाणा को ‘ग्लोबल ग्रोथ हब’ बनाने की दिशा में एक अहम शुरुआत है। साथ ही यह  जापान और हरियाणा के विकास, विश्वास और वैभव की सांझी यात्रा है। इस सांझेदारी की झलक ओसाका में आयोजित वल्र्ड एक्सपो 2025 में हरियाणा पैवेलियन में भी दिखाई दी, जहाँ जापानी और हरियाणवी नवाचारों का संगम नजर आया। इस सहयोग से जापान और भारत मिलकर ‘विकसित भारत 2047’ के सपने को साकार करेंगे और  हरियाणा को नए भारत के मानचित्र पर चमकाएंगे।

Friday, 10 October 2025

रोटरी डिस्ट्रिक्ट द्वारा बालिका विद्यालय में जागरूक स्वच्छता कैंप आयोजित

रोटरी डिस्ट्रिक्ट द्वारा बालिका विद्यालय में जागरूक स्वच्छता कैंप आयोजित


फरीदाबाद 9 अक्टूबर (रैपको न्यूज)। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3011 के गवर्नर डॉ रवि गुगनानी के संयोजन में  कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हथीन बुरका में महिला जागरूक स्वच्छता कैंप का आयोजन किया गया। 

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सर शिक्षा अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे हैं जिसमें पिछड़े वर्ग की छात्रों को शिक्षित करने का कार्य की जा रहा है इसमें अधिकतर गरीब परिवारों की बच्चियां हैं या फिर ऐसे बच्चियों हैं जिनके मां-बाप नहीं है या अकेली मां है या अकेला पिता है।


इस विद्यालय की छठी से आठवीं कक्षा की  कन्याओं को नोटबुक व नौंवी से बारहवीं कक्षा की कन्याओं को सेनेटरी पैड वितरित किए गए। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3011 की डिस्ट्रिक्ट चेयर एडमिन व रोटरी क्लब पलवल संस्कार की चार्टर प्रधान डॉ अंजलि जैन ने स्कूल की छात्रों को स्वच्छता के बारे में जागरूक किया और कहा कि रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3011 जरूरत पड़ने पर किसी भी तरह की मदद करने को  

सदैव तत्पर रहेगा।  इस कैंप के आयोजन में प्रतिभा सिंगला का विशेष योगदान रहा। अग्रवाल वैश्य समाज महिला विंग, पलवल जिले की प्रधान रीना अग्रवाल ने भी अपने विचार रखे और छात्रों को जागरूक किया।

 इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत, देशभक्ति के गीत और कविता सुनाई । विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रहलाद सिंह जी ने अतिथियों का स्वागत किया और सभी अध्यापकों ने आगंतुक टीम का धन्यवाद किया। इस अवसर पर स्कूल के प्रिंसिपल प्रहलाद सिंह, प्रतिभा सिंगला, ओम प्रकाश श्री चंद,  बीना, कविता रानी, मुग्धा रानी, अनीता मलिक, हेमा, संजू विशेष रूप से मौजूद रहे।

Thursday, 9 October 2025

हरियाणा-जापान की सांझेदारी से प्रदेश के विकास को मिलेगी गति, निवेशकों को मुख्यमंत्री ने किया आमंत्रित

हरियाणा-जापान की सांझेदारी से प्रदेश के विकास को मिलेगी गति, निवेशकों को मुख्यमंत्री ने किया आमंत्रित

दिल्ली, 9 अक्तूबर (रैपको न्यूज़)। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने जापान के ओसाका में आयोजित इन्वेस्टर्स रोड शो के दौरान जापान के निवेशकों और उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा जापान के साथ डिजिटल तकनीकों और उद्योग 4.0 में सहयोग को और मजबूत करना चाहता है। यह साझेदारी जापान के वैश्विक नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को हरियाणा के युवा, कुशल और गतिशील प्रतिभा के साथ जोडऩे में सहायक होगी। हरियाणा सरकार की निवेशक हितैषी नीतियां उत्पादन, अनुसंधान, डिज़ाइन और नवाचार केंद्र स्थापित करने की वैश्विक उद्यमियों की आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम है। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने जापानी अभिवादन कोन्निचिवा, मीना-सामा से करते हुए कहा कि जापान की ‘गनबट्टे’ की भावना — यानी अपना सर्वश्रेष्ठ देने की प्रतिबद्धता — ने पूरे विश्व को प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि हमारा संबंध केवल कारोबार पर आधारित नहीं है। यह सांस्कृतिक मूल्यों का बंधन है। आज भारत और जापान की एक विशेष रणनीतिक साझेदारी है। यह साझेदारी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में समृद्धि की आधारशिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की हाल ही की जापान यात्रा के दौरान, जापान और भारत दोनों राष्ट्रों ने अगले दशक के लिए संयुक्त दृष्टिकोण को अपनाया है। इसके तहत आर्थिक सुरक्षा से लेकर स्थिरता और प्रौद्योगिकी तक, हर महत्वपूर्ण क्षेत्र में सहयोग को और बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है। इसका सबसे महत्वपूर्ण परिणाम जापान द्वारा भारत में निजी और सार्वजनिक क्षेत्र में 10 ट्रिलियन जापानी येन का निवेश करने का ऐतिहासिक संकल्प है। यह निवेश दोनों देशों के विश्वास और हितों का परिचायक है। उन्होंने कहा कि हम सामान्य कारोबार से आगे बढक़र आर्थिक सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हम सेमीकंडक्टर्स, महत्वपूर्ण खनिज, स्वच्छ ऊर्जा और हाई-स्पीड रेल नेटवर्क जैसी परिवर्तनकारी परियोजनाओं में सहयोग को प्राथमिकता दे रहे हैं। इस दौरे को सफल बनाने के लिए जमीनी स्तर पर तेजी से कार्रवाई करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पहले से ही जापानी उद्यमियों के लिए पसंदीदा स्थल है। गुरुग्राम और मानेसर के औद्योगिक केंद्र हमारी चिरस्थायी सांझेदारी के जीवंत प्रमाण हैं। आज लगभग 400 जापानी कंपनियां हरियाणा से काम कर रही हैं। ये उस विरासत को आगे बढ़ा रही हैं, जिसकी नींव 1980 के दशक में सुजुकी के हरियाणा में आने के साथ पड़ी थी। उन्होंने कहा कि हरियाणा को अपनी भौगोलिक स्थित का बड़ा लाभ है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं का प्रवेश द्वार है। हरियाणा का दो-तिहाई क्षेत्र राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पड़ता है। हमारा बुनियादी ढांचा विश्व स्तरीय है। हरियाणा सिर्फ एक बाज़ार नहीं है, यह विनिर्माण की महाशक्ति है। हमें अपने ऑटोमोबाइल सेक्टर पर गर्व है, जो भारत में सबसे अधिक यात्री कारों का निर्माण करता है। श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा का वैश्विक सॉफ्टवेयर पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण योगदान है। इसके अलावा, हम टिकाऊ विनिर्माण में अग्रणी हैं। पानीपत को दुनिया के सबसे बड़े हैंडलूम केंद्र के रूप में जाना जाता है। हमारी सरकार ने जापान की तकनीकी ताकत व हमारे संयुक्त दृष्टिकोण के लक्ष्यों के साथ पूरी तरह से मेल खाती नीतियां बनाई हैं। 

उन्होंने निवेशकों को हरियाणा में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया।

Monday, 6 October 2025

संगत के सहयोग से सैक्टर 15 गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा पंजाब बाढ़ पीडि़तों के लिये आगे आया, 10 हजार लीटर डीजल व नगदी भेंट

संगत के सहयोग से सैक्टर 15 गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा पंजाब बाढ़ पीडि़तों के लिये आगे आया, 10 हजार लीटर डीजल व नगदी भेंट



फरीदाबाद, 6 अक्तूबर (रैपको न्यूज़)। सैक्टर 15 गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा की संगत के सहयोग से गुरुद्वारा प्रबंधक समिति ने पंजाब में आई बाढ़ के पीडि़तों को सहायता देने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है।

गत दिवस पंजाब में सुल्तानपुर लोधी के एक दर्जन से अधिक गांवों का दौरा कर प्रबंधक समिति की टीम ने उन आवश्यकताओं को समझा जिससे वास्तविक रूप से बाढ़ पीडि़तों को लाभ पहुंचाया जा सकता है।


गुरूद्वारा प्रबंधक समिति की प्रधान सरदारनी राणा कौर भट्टी के अनुसार पंजाब में आई बाढ़ व इससे हुए नुकसान पर आरंभ से ही गुरूद्वारा प्रबंधक समिति व स्थानीय निवासियों की निगाह टिकी हुई है। सरदारनी राणा कौर भट्टी ने बताया कि विभिन्न गांवों के नंबरदारों, सरपंचों व स्थानीय स्तर पर विधायकों के साथ समिति निरंतर संपर्क में है और इसी के मद्देनजर गत दिवस सुल्तानपुर लोधी में विभिन्न गांवों का दौरा किया गया।


आपने बताया कि पंजाब में मौजूदा रूप से जा समस्याएं सामने आ रही हैं वह रेतीली दलदल की समस्या है जिसके लिये राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सहायता भी मिल रही है परंतु चूंकि विपदा बहुत भारी है इसलिए स्थिति से निपटने के लिये काफी समय लगने की उम्मीद है। 


गुरूद्वारा प्रबंधक समिति की टीम सरदारनी राणा कौर भट्टी के साथ नरेंद्र सिंह बग्गा, राजेंद्र नागपाल, नरेंद्र सिंह आहुजा, इंद्रजीत सिंह, रविन्द्र पाल कौर, रूपिन्द्र कौर और सतिन्द्र सिंह शामिल थे, ने विभिन्न गांवों का दौरा किया। सगरां विधान सभा क्षेत्र के गांव बाऊपुर में स्थिति काफी गंभीर थी जहां ट्रैक्टरों से रेतीली दलदल को साफ करने की प्रकिया जारी है। गांव के मौजिज लोगों ने बताया कि बांध न होने के कारण भविष्य में भी गांव की हालत कभी भी खराब हो सकती है इसलिए बड़े स्तर पर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मंचों से सहयोग लेकर बांध बनाने का कार्य जारी है। शिरोमणि कमेटी के सदस्य जरनैल सिंह डोंगरावाल व अध्यक्ष अमरवीर सिंह ने बताया कि ट्रैक्टरों में डीजल व बांध के लिये तार ऐसी आवश्यकताएं हैं जिनके अभाव में सहायता कार्य प्रभावित हो रहा है। 

गुरूद्वारा प्रबंधक समिति सैक्टर 15 द्वारा गांव के वरिष्ठ लोगों के बीच न केवल सहायता की पेशकश रखी बल्कि उनकी मांग के अनुरूप 10 हजार लीटर डीजल की सेवा व 1लाख40 हजार रूपये तार के लिये दिये गये। यही नहीं टीम ने उन परिवारों से बात की जिनके घर बाढ़ से प्रभावित हुए और जो वर्तमान में लगभग खुले में जीवनयापन कर रहे हैं।

गांव अहली कलां के गुरचरण सिंह जिनका घर बाढ़ की चपेट में आ गया, को घर बनाने के लिये भी सहायता प्रदान की गई।

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एसजीपीसी के सदस्य जत्थेदार जरनैल सिंह डोंगरावाल और अमरबीर सिंह लाली चेयरमैन ने गुरूद्वारा प्रबंधक समिति का स्वागत करते कहा कि बाढ़ उपरांत वर्तमान में जो समस्याएं आ रही हैं उसके लिये राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मदद आवश्यक है।

सर्वश्री डोंगरावाल व लाली ने गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी सैक्टर 15 की मुक्तकंठ से सराहना की जिन्होंने सिक्खी सिद्धांत के अनुरूप सेवा को धर्म माना और बाढ़ पीडि़तों की सहायतार्थ इतनी दूर तक आए।

सुश्री राणा कौर भट्टी नरेंद्र सिंह बग्गा, राजेंद्र नागपाल, नरेंद्र सिंह आहुजा, इंद्रजीत सिंह, रविन्द्र पाल कौर, रूपिन्द्र कौर और सतिन्द्र सिंह ने विश्वास दिलाया कि फरीदाबाद की संगत के सहयोग से वे भविष्य में भी सेवा हेतु तत्पर रहेंगे। आपने कहा कि वे संगत के आदेश व सहयोग से ही सेवा कर रहे हैं जो निरंतर भी जारी रहेगी।

Tuesday, 30 September 2025

प्रदेश में स्थापित एमएसएमई उद्योगों ने 15 लाख युवाओं को दिया रोजगार

प्रदेश में स्थापित एमएसएमई उद्योगों ने 15 लाख युवाओं को दिया रोजगार


फरीदाबाद, 30 सितम्बर (रैपको न्यूज़)। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जब भी आत्मनिर्भर भारत की बात करते हैं तो हरियाणा का नाम अवश्य लेते हैं। हरियाणा प्रदेश ने प्रत्येक अभियान में शुरू से ही मजबूती के साथ भूमिका अदा की है।एमएसएमई अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार लगातार एमएसएमई को बढ़ावा दे रही है। प्रदेश में करीब 15 लाख युवाओं को एमएसएमई के माध्यम से रोजगार मिला है। इसी बदौलत एमएसएमई का राष्ट्रीय पुरस्कार भी हरियाणा को मिला है। मुख्यमंत्री सोमवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत विधानसभा लाडवा के मंडल बाबैन में आयोजित कार्यशाला में बोल रहे थे।श्राी नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अभियान से देश की अर्थव्यवस्था विश्व में चौथे नंबर पर पहुंची है। 

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया जैसी अनेक योजनाएं चलाई हुई हैं। इन योजनाओं को अपनाते हुए देश आत्मनिर्भर के साथ-साथ स्वावलंबी बन रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2047 तक विकसित भारत का विजन रखा है। इस विजन को पूरा करने के लिए पहले आत्मनिर्भर भारत बनाना होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाओं का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को एक साथ जोडऩे का है। उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता सरकार की नीति, नियम, योजना और अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें ताकि आमजन सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सके।

Thursday, 30 January 2025

रविंद्र सिंह राणा ने HSGPC सदस्य चुने जाने पर गुरु साहिब का किया शुक्राना, संगत का जताया आभार

रविंद्र सिंह राणा ने HSGPC सदस्य चुने जाने पर गुरु साहिब का किया शुक्राना, संगत का जताया आभार


पंथक कार्यों के लिए समस्त संगत एकजुट हो : मंजीत सिंह जीके


फरीदाबाद, 30 जनवरी (रैपको न्यूज़)। दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व प्रधान स. मनजीत सिंह (जी के) ने समस्त सिख संगत से आह्वान किया है कि एकजुटता के साथ पंथ की सेवा के लिए आगे आएं। आपने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि सिखों में जागरूकता आई है और एकजुटता के साथ कार्य किया जा रहा है, परंतु अभी काफी प्रयास किए जाने शेष है।

सरदार मंजीत सिंह ने कहा कि विभिन्न सरकारों द्वारा सिख पंथ के साथ सही व्यवहार नहीं किया गया, परंतु जब भी समाज, देश या मानवता के लिए सेवा का प्रश्न आया तो प्रत्येक व्यक्ति निशान साहिब की ही तलाश करता है, क्योंकि उसे पता है कि कोरोना काल हो या कोई भी प्राकृतिक आपदा, केवल निशान साहिब के नीचे सभी प्रकार की सहायता मिल पाती है।


यहां हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के चुनाव में वार्ड नंबर 40 से संगत द्वारा चुने गए हरियाणा सिख पंथक दल के प्रत्याशी व फरीदाबाद सरब गुरुद्वारा कमेटी के महासचिव रविंदर सिंह राणा व उनकी टीम द्वारा किए गए शुकराना समागम में अपने विचार व्यक्त करते हुए स. मनजीत सिंह ने कहा कि फरीदाबाद की संगत न केवल गुरुघर के लिए पूर्ण रूप से समर्पित रही है, बल्कि सेवा के कार्यों का एक लंबा इतिहास जुड़ा हुआ है।

स. रविंद्र सिंह राणा के साथ पिछले 40 वर्षों के साथ का जिक्र करते हुए स. मंजीत सिंह ने कहा कि रविंद्र सिंह राणा ने आज तक जब भी उनसे संपर्क किया, संगत के काम के कारण किया। आपने कहा कि जब भी पंथ से संबंधित कोई समस्या या प्रदर्शन या आंदोलन की बात आई, रविंद्र सिंह राणा सबसे अग्रणी पंक्ति में रहे और यही कारण था कि सिक्ख पंथक दल द्वारा उन्हें इस चुनाव में उतारा गया। सरदार मंजीत सिंह ने संगत का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने कड़े मुकाबले में सरदार रविंद्र सिंह राणा को विजयी बनाया।


इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सरदार रविंद्र सिंह राणा ने कहा कि वे वास्तव में समस्त संगत के ऋणी है, जिन्होंने उन पर भरोसा किया। आपने कहा कि वे पहले भी पंथ की सेवा और सामाजिक कार्यों में जुटे रहे हैं और आने वाले समय में भी जब-जब पंथ या समाज को जरूरत होगी, वे आगे रहेंगे। 

स. रविंद्र सिंह राणा ने कहा कि यदि उनसे किसी भी प्रकार की कोई गलती होती है तो वह क्षमा के याचक हैं। आपने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि हम एकजुटता से कार्य करें। सिक्ख बच्चों के लिए स्कूल, कॉलेज व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास करने का संकल्प दोहराते हुए स. रविंद्र सिंह राणा ने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि हम एकजुट होकर अपनी मांग को सरकारों तक पहुंचाएं और उन्हें पूरा करने के लिए कार्य करें।

 


आपने कहा कि चुनाव कभी भी उनकी प्राथमिकता नहीं रहा और वे चाहते थे कि चुनाव लड़ने वाले सभी उम्मीदवार गुरु साहब के समक्ष पर्ची डालकर अपना एक ही उम्मीदवार बनाएं। अपने दोहराया कि वे चाहते थे कि इन पर्चियों में उनका नाम ना डाला जाए, परंतु ऐसा हो नहीं सका और संगत के आदेश पर उन्हें चुनाव लड़ना पड़ा। स. राणा ने कहा कि जो उम्मीदवार चुनाव लड़कर पंथ की सेवा करना चाहते थे, पंथक कार्यों के लिए उन्हें अपना सहयोग दें क्योंकि हमारा लक्ष्य एक ही होना चाहिए।


इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री नानक प्याऊ के हेड ग्रंथी जत्थेदार बिचित्र सिंह ने पंथक विचारों के दौरान सभी से आह्वान किया कि वे कौम की सेवा और मानवता के लिए कार्यों हेतु एकजुट रहें। आपने कथाविचार के दौरान कहा कि सिख को एकजुट रहना चाहिए ताकि बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना आसानी से किया जा सके।

कार्यक्रम में हजूरी रागी बलप्रीत सिंह नूर ने कीर्तन द्वारा संगत को निहाल किया जबकि इससे पूर्व रागी तेजिंदर सिंह व साथियों द्वारा कीर्तन किया गया।

कार्यक्रम में स. परमजीत सिंह सरना जो दिल्ली में चुनावों के कारण नहीं आ पाए, ने अपने संदेश में स. रविंद्र सिंह राणा को चुने जाने के लिए जहां उन्हें बधाई दी, वहीं संगत का भी आभार व्यक्त किया। अपने संदेश में सरदार परमजीत सिंह राणा व स. करतार सिंह चावला ने भी सरदार रविंदर सिंह राणा को बधाई दी।


इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय सिख काऊंसिल से प्रधान बीबी तरविंदर कौर खालसा व उपप्रधान स. जगजीत सिंह ने सरदार रविंद्र सिंह राणा को शाल भेंट कर उनका सम्मान किया। स. जगजीत सिंह ने कहा कि स. रविंद्र सिंह राणा केवल फरीदाबाद ही नहीं हरियाणा व एनसीआर में पंथ से संबंधित कार्यों में अग्रणी पंक्ति में रहे हैं और उनका संगत द्वारा चुना जाना वास्तव में सेवा करने वालों सेवादारों का सम्मान है।




रोहतक से आए सिख प्रतिनिधियों ने सरदार रविंद्र सिंह राणा का सम्मान करते हुए कहा कि वास्तव में उनका चुना जाना यह सिद्ध करता है की सेवा के लिए किए गए कार्यों का सम्मान संगत स्वयं करती है।


कार्यक्रम में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा नं 1, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा नं 5, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सेक्टर 15, गुरुद्वारा श्री सुखमणि साहिब सेक्टर 16, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सेक्टर 23, गुरुद्वारा पंचायती एन एच 3, गुरुद्वारा गुरु ग्रंथ साहिब जी, गुरुद्वारा वजीरिस्तान, गुरुद्वारा नौरंग पंचायती, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सेक्टर 55, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा जवाहर कॉलोनी, गुरुद्वारा श्री कलगीधर जवाहर कॉलोनी, गुरुद्वारा डबुआ कॉलोनी, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सेक्टर 7, गुरुद्वारा गुरु श्री सिंह सभा सेक्टर 9, गुरुद्वारा ईस्माइलपुर के प्रतिनिधियों ने भी सरदार रविंद्र सिंह राणा को शाल व सरोपे देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में संगत के हजूम का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता था कि गुरुद्वारा श्री गुरु दरबार साहिब जहां यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था, के हाल के बाहर व गुरुद्वारा परिसर में बैठकर संगत कीर्तन का आनंद लेते देखी गई।